शामली। निर्वाचन आयोग ने इस बार प्रत्याशियों के चुनावी खर्च की सीमा बढ़ाकर 40 लाख रुपये निर्धारित कर दी थी, लेकिन जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर कोई भी प्रत्याशी इसका आधा भी नहीं खर्च कर पाया।
सबसे अधिक खर्च थानाभवन से भाजपा प्रत्याशी और गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने किया। उन्होंने 12.49 लाख का खर्च उन्होंने दर्ज कराया है, जबकि दूसरे नंबर पर कैराना से भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह ने साढ़े 11.57 लाख का खर्च दिखाया है। जबकि तीसरे नंबर पर शामली से रालोद प्रत्याशी प्रसन्न चौधरी हैं। उन्होंने 9.37 लाख खर्च किए हैं। सपा प्रत्याशी नाहिद हसन के समर्थन में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सभा की थी। जिस पर करीब 50 हजार रुपये खर्च हुए।
जबकि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मृगांका सिंह के समर्थन में हुई जनसभा में 26900 रुपये खर्च हुए। मृगांका सिंह के चुनावी प्रचार के दौरान करीब 55 हजार रुपये जलपान पर खर्च हुए। अभी मतगणना तक का खर्च प्रत्याशियों के खाते में जोड़ा जाएगा, लेकिन अब इसके ज्यादा बढ़ने की उम्मीद नहीं है।
कैराना विधानसभा।
इस सीट पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के के लिए प्रचार किया था। जिसके चलते इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह को चुनावी खर्च सबसे ज्यादा 11.57 लाख रुपये रहा। दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी अखलाक अहमद ने 8.23 लाख रुपये खर्च किए। सपा प्रत्याशी नाहिद हसन 6.56 लाख रुपये के खर्च के साथ तीसरे नंबर पर रहे।
थानाभवन विधानसभा
इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी व गन्ना मंत्री सुरेश राणा के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा की थी। गन्ना मंत्री सुरेश राणा का चुनाव खर्च अपनी ही सीट पर ही नहीं जिले में भी सबसे ज्यादा रहा। उन्होंने चुनावी प्रचार में 12.49 लाख खर्च किए। दूसरे नंबर पर रालोद प्रत्याशी अशरफ अली खान का चुनावी खर्च 8.11 लाख रुपये खर्च किए हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सत्य संयम सैनी ने चुनाव के दौरान 4.30 लाख रुपये खर्च किए।
शामली विधानसभा
इस सीट पर रालोद प्रत्याशी प्रसन्न चौधरी के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने रोड शो कर वोट की अपील की थी। रालोद प्रत्याशी का सबसे ज्यादा चुनावी खर्च है। उन्होंने 9.37 लाख रुपये दर्ज कराया है। भाजपा प्रत्याशी तेजेंद्र निर्वाल के समर्थन में सीएम योगी ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उनका चुनावी खर्च 8.63 लाख रहा। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी अय्यूब जंग ने अपना चुनावी खर्च 3.29 लाख दिखाया है।
थानाभवन विधानसभा के प्रत्याशियों का खर्च
सुरेश राणा, भाजपा-1249729
अशरफ अली, रालोद-811866
सत्य संयम सैनी, कांग्रेस-430288
जहीर मलिक, बसपा-424220
अरविंद देशवाल, आप-165877
कैराना विधानसभा के प्रत्याशियों का खर्च
मृगांका सिंह, भाजपा-1157500
अखलाक अहमद, कांग्रेस-823848
नाहिद हसन, सपा-656364
राजेंद्र सिंह उपाध्याय, बसपा-187868
संगीता, आप-57200
शामली विधानसभा के प्रत्याशियों का खर्च
प्रसन्न चौधरी, रालोद-937323
तेजेंद्र निर्वाल, भाजपा-863218
अय्यूब जंग, कांग्रेस-329554
बिजेंद्र मलिक कुड़ाना, बसपा-158326
बिजेंद्र मलिक कुरमाली, आप-148989